Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का शुभारंभ 23 अक्टूबर को होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मेले का उद्घाटन करेंगे, जबकि इसका समापन 26 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे। चार दिन तक चलने वाले इस मेले में हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आकर्षण देखने को मिलेंगे। मेले को लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव करते हुए एडवाइजरी जारी की है।
300 स्टॉल पर मिलेंगे हस्तशिल्प के उत्पाद
हरियाणा पर्यटन विभाग के अतिरिक्त महाप्रबंधक हरविंद्र सिंह यादव के अनुसार, मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाई जाएंगी। इनमें देश के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तशिल्प, हाथ से बने उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियां, घर की सजावट का सामान और दिवाली से जुड़ी वस्तुएं उपलब्ध होंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
मेले में लोक कलाकारों, लोक नृत्य दलों और पारंपरिक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। सांस्कृतिक संध्याओं में सूफी एवं लोक गायक कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति भी खास आकर्षण रहेगी।
चार दिन भारी वाहनों की नो-एंट्री
पुलिस के अनुसार, 23 से 26 अक्टूबर तक सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक पाली चौक से एमवीएन नाका और सूरजकुंड की ओर, अनखीर चौक से सूरजकुंड की ओर, एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर तथा प्रहलादपुर दिल्ली बॉर्डर से सूरजकुंड गोल चक्कर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मेले में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले यातायात एडवाइजरी का पालन करें।

