October 21, 2026

21 साल की सेवा के बाद भी नियमित होने का इंतजार, रविवार को कुरुक्षेत्र में जुटेंगे गेस्ट टीचर

Faridabad/Alive News: हरियाणा में 21 वर्षों से सेवाएं दे रहे अतिथि अध्यापक नियमित होने की मांग को लेकर रविवार को कुरुक्षेत्र में जुटेंगे। प्रदेशभर के गेस्ट टीचर महारैली के माध्यम से सरकार से नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और अदालत के आदेशों को लागू करने की मांग करेंगे। इसके बाद कुरुक्षेत्र से चंडीगढ़ तक न्याय यात्रा निकालकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की योजना है।

महारैली की तैयारियों को लेकर मंगलवार शाम फरीदाबाद के अतिथि अध्यापकों ने वर्चुअल बैठक की। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक रघु वत्स ने की। उन्होंने कहा कि नियमितीकरण के मामले में सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जाने से शिक्षकों में नाराजगी है। अतिथि अध्यापकों का कहना है कि अदालतों की ओर से नियमितीकरण की तीन साल की नीति को वैध माने जाने के बावजूद उनकी मांग पर कार्रवाई का इंतजार है।

बसों और निजी वाहनों से पहुंचेंगे शिक्षक

जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य उमेश कुमार और विजयपाल नरवाल ने बताया कि फरीदाबाद से बड़ी संख्या में अतिथि अध्यापक बसों और निजी वाहनों से कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। महारैली में 21 वर्षों की सेवा को आधार बनाकर नियमित करने की मांग उठाई जाएगी।

बैठक में बल्लभगढ़ ब्लॉक प्रधान ललित शर्मा, फरीदाबाद ब्लॉक प्रधान सुंदर भड़ाना सहित जिले के सैकड़ों अतिथि अध्यापक शामिल हुए। शिक्षकों ने कहा कि न्याय यात्रा के जरिए सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने और नियमितीकरण के मुद्दे पर समाधान की मांग की जाएगी।