October 21, 2026

सराय ख्वाजा स्कूल के विद्यार्थियों को मिले 5 हजार बैग, कक्षाओं के लिए दिए 50 पंखे

Faeidabad/Alive News: सराय ख्वाजा स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निजी कंपनी ने सहयोग किया। बुधवार को पोलर ऑटो एंड इंजीनियरिंग इंडस्ट्रियल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विद्यालय को 5 हजार स्कूल बैग और 50 पंखे दान किए गए। इस पहल से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने के साथ स्कूल में सुविधाएं बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला खजाना अधिकारी संजय कुमार छौकर और अंकित कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कंपनी की ओर से एचआर हेड निशा उपाध्याय ने भाग लिया। विद्यालय के प्राचार्य शमशेर सिंह राणा और जसबीर सिंह चौधरी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, जसबीर सिंह चौधरी के प्रयासों से कंपनी की ओर से यह सहयोग उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर अतिथियों को पटका पहनाकर और भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ सदस्य दिलबाग सिंह, सुनीता, राजेश भाटी, अजय गर्ग, खजाना सिंह, सुंदर, ज्योति और गौरव कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।