October 20, 2026

पलवल में चालान काटने पर पुलिस और वकील आमने-सामने, थाना प्रभारी की गाड़ी घेरकर रोकी

पलवल में चालान विवाद के दौरान पुलिस की गाड़ी को घेरे हुए वकील

Palwal/Alive News: पलवल में वकील की गाड़ी का चालान काटने को लेकर पुलिस और वकीलों के बीच विवाद हो गया। विरोध में वकीलों ने चांदहट थाना प्रभारी की गाड़ी को घेर लिया और उसे मौके से नहीं जाने दिया। करीब दो घंटे बाद डीएसपी भरतेन्द्र मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके बाद वकीलों ने पुलिस की गाड़ी को जाने दिया।

पलवल बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक चौहान ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस वकीलों की एक गाड़ी का चालान करेगी, तो वे पुलिस की 10 गाड़ियों के चालान करवाएंगे।

18 अक्टूबर को शुरू हुआ विवाद

बार एसोसिएशन से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद 18 अक्टूबर को शुरू हुआ था। उस दिन डायल 112 की गाड़ी से सड़क किनारे खड़ी एक कार की फोटो खींची गई थी, जिसके बाद उसका चालान काट दिया गया। बार प्रधान का कहना है कि कार पर वकील का स्टीकर लगा था और उसमें वकील भी बैठा हुआ था। इसी कार्रवाई को लेकर वकीलों ने आपत्ति जताई।

एसपी से मिलने के बाद पुलिस की गाड़ी रोकी

बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक चौहान के अनुसार, 19 अक्टूबर को वह इस मामले की शिकायत लेकर एसपी दीप्ति गर्ग से मिले थे। उनका कहना है कि वहां से उन्हें संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद जब वह कोर्ट लौट रहे थे, तो उनकी नजर काली फिल्म लगे शीशों वाली एक पुलिस गाड़ी पर पड़ी।

वकीलों ने गाड़ी को घेर लिया और उसे जाने से रोक दिया। जांच में पता चला कि गाड़ी चांदहट थाना प्रभारी की थी, जो किसी काम से कोर्ट परिसर आए थे। इस दौरान मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।

डीएसपी के आश्वासन के बाद मामला शांत

सूचना मिलने पर डीएसपी भरतेन्द्र मौके पर पहुंचे और वकीलों से बातचीत की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और पुलिस की गाड़ी को जाने दिया गया।

बार प्रधान दीपक चौहान के मुताबिक, पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि वकीलों की गाड़ियों के चालान नहीं किए जाएंगे और पहले काटा गया चालान भी रद्द किया जाएगा। हालांकि, चालान रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।