October 20, 2026

फरीदाबाद में 88 फुट के रावण का होगा दहन, अग्निबाण से सुखाया जाएगा पेट का अमृतकुंड

फरीदाबाद के सेक्टर-30 दशहरा महोत्सव में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले

Faridabad/Alive News: सेक्टर-30 स्थित दशहरा ग्राउंड में इस बार दशहरा महोत्सव खास अंदाज में मनाया जाएगा। फरीदाबाद दशहरा कमेटी (रजि.) की ओर से आयोजित 32वें दशहरा महोत्सव में 88 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। वहीं, मेघनाथ और कुंभकरण के 75-75 फुट ऊंचे पुतले भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

रावण दहन के दौरान अग्निबाण से उसके पेट में मौजूद अमृतकुंड को सुखाने का दृश्य दिखाया जाएगा। इसके बाद पुतलों के दहन के समय सफेद धुएं और विशेष आतिशी प्रभावों का प्रदर्शन होगा। मंच और पुतलों पर ग्रीन आतिशबाजी के साथ आग उगलती तोप और पैराशूट के जरिए आतिशबाजी भी की जाएगी। नासिक का विशेष बैंड कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देगा।

चार सुरक्षा घेरे में रहेगा दशहरा ग्राउंड

महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, आयोजन स्थल पर चार सुरक्षा घेरे बनाए जाएंगे। एसीपी सराय की निगरानी में पुलिस और सीआईडी की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड और वॉलंटियर्स भी व्यवस्था संभालेंगे।

पूरे आयोजन स्थल पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से समय रहते निपटा जा सके। पुलिस गैलरी के लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी।

एलईडी स्क्रीन पर देख सकेंगे कार्यक्रम

दर्शकों की सुविधा के लिए दशहरा ग्राउंड में 12×10 फुट की एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, ताकि दूर बैठकर भी लोग कार्यक्रम देख सकें। प्रवेश व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एक वीवीआईपी और दो वीआईपी गेट बनाए जाएंगे। बारिश की स्थिति में पुतलों को सुरक्षित रखने के लिए रेनकोट की व्यवस्था भी की जाएगी।