October 17, 2026

अभिजीत दीपके गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी की तैयारी; सुबह रिहा हुईं नेहा बोरा

अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी के बाद मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर CJP की लीगल टीम

New Delhi/Alive News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कुछ देर में कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी है। उनकी लीगल टीम मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंच गई है। पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दीपके को शुक्रवार को कनॉट प्लेस में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले हिरासत में लिया गया था। आठ दिन के भीतर उनके खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले 10 अक्टूबर को उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से हिरासत में लिया गया था। हालांकि, अगले दिन उन्हें रिहा कर दिया गया था।

इसी मामले में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा समेत करीब 150 लोगों को भी हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 5 बजे नेहा बोरा को रिहा कर दिया। पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 65 के तहत हिरासत से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ा गया।

मंदिर मार्ग थाने पहुंची CJP की लीगल टीम

CJP की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह और अभिजीत दीपके के वकील पुष्प शर्मा मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दीपके को दोपहर करीब 12 बजे सब-डिविजनल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) के सामने पेश किया जाएगा।

CJP ने दावा किया कि हिरासत में लिए जाने के कई घंटे बाद तक पुलिस ने दीपके की लोकेशन की जानकारी नहीं दी थी। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे के अनुसार, पुलिस ने संसद मार्ग थाने में दीपके के होने से इनकार किया था। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि वकीलों को हिरासत की वजह नहीं बताई गई।

NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अनीश गांडे ने दीपके की रिहाई की मांग की। उनका दावा है कि दीपके तिरंगा लेकर जा रहे थे और उन्होंने पुलिस से दूसरी जगह जाने का विकल्प भी मांगा था।

कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग

दिल्ली में कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग जारी है। हालांकि, सड़कों पर यातायात चल रहा है। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के अन्य इलाकों में प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोप में कई FIR दर्ज कीं।

पुलिस के मुताबिक, बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कनॉट प्लेस में भीड़ जमा हुई। BNSS की धारा 163 के तहत लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

महिला संगठनों ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ निकाला मार्च

दिल्ली में प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई के विरोध में ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन, क्रांतिकारी युवा संगठन (KYS) और अन्य संगठनों ने मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी मार्च करते हुए दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे।

इस बीच, केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित म्यूजियम पुलिस स्टेशन में दिल्ली पुलिस के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ छात्रा और NSUI कार्यकर्ता अथिरा विजयन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 13 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें रोका, गालियां दीं, घसीटा और मारपीट की। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रकाश राज बोले- देशभर में जारी रहेंगे शांतिपूर्ण प्रदर्शन

अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखे जाएंगे।

CJP से जुड़े घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई को लेकर दिल्ली में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की गतिविधियां जारी हैं। अभिजीत दीपके की पेशी और मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।