October 14, 2026

गोदाम से 7,270 किलो पटाखे बरामद, संचालक गिरफ्तार; 2025 में एक्सपायर हो चुका था लाइसेंस

फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच द्वारा गोदाम से बरामद किए गए 7,270 किलो पटाखे

Faridabad/Alive News: त्योहारों के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने पुराना खेड़ी रोड स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 7,270 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। पुलिस ने गोदाम संचालक हेमंत वधवा को गिरफ्तार किया है। वह पटाखों के भंडा

पुलिस के अनुसार, आरोपी ओल्ड फरीदाबाद के सैयदवाड़ा का रहने वाला है। उसके खिलाफ थाना बीपीटीपी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

क्राइम ब्रांच की टीम ने गोदाम संचालक की मौजूदगी में वहां बने कमरों की तलाशी ली। इस दौरान दो कमरों में पेटियों और खुले रूप में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे रखे मिले। इनमें अनार, फुलझड़ी, सुतली बम, बिजली बम, चकरी, स्काई शॉट, बुलेट बम और मैजिक पेपर शॉट सहित कई प्रकार के पटाखे शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक, बरामद पटाखों का कुल वजन 7,270 किलोग्राम है। टीम ने सभी पटाखों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गोदाम संचालक ने वेयरहाउस किराए पर लिया हुआ था। उसके पास पहले पटाखों की बिक्री का लाइसेंस था, लेकिन वह वर्ष 2025 में समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी झज्जर और रोहतक क्षेत्र से पटाखे खरीदकर गोदाम में स्टॉक करता था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पटाखे कहां से खरीदे गए थे और उनकी बिक्री किन लोगों को की जानी थी।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। संदिग्ध स्थानों पर औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में थाना बीपीटीपी में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।