Faridabad/Alive News: टेलीग्राम पर ऑनलाइन टास्क के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 6,54,800 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तराखंड के देहरादून निवासी सौरभ गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बल्लभगढ़ की भीकम कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 30 सितंबर 2026 को उसके व्हाट्सऐप नंबर पर एक संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को Myntra से जुड़ा बताया और कुछ उत्पादों को लाइक करके उनके स्क्रीनशॉट भेजने के लिए कहा। इसके बाद उसे टेलीग्राम आईडी @MeenakshiAgarwal1321 पर संपर्क करने के लिए कहा गया, जहां ऑनलाइन टास्क पूरा करके अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, शुरुआती टास्क पूरे करने पर आरोपियों ने उसके पंजाब नेशनल बैंक खाते में 160 रुपये भेजे। इसके बाद उसे अलग-अलग टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर कई ऑनलाइन टास्क दिए गए। आरोपियों के झांसे में आकर उसने अलग-अलग खातों में कुल 6,54,800 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसके कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सौरभ गुप्ता को किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से एक खाताधारक का बैंक खाता और उससे जुड़ी किट मिली थी। उस खाते में ठगी की रकम में से 19,800 रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार, खाते में आई रकम को एटीएम से निकालकर USDT में बदलवाया गया और फिर आगे भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों तथा ठगी की रकम से जुड़े लेन-देन की जांच की जा रही है।

