Faridabad/Alive News: टेलीग्राम पर टास्क पूरा करके पैसे कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 3,50,002 रुपये की ठगी करने के मामले में फरीदाबाद साइबर थाना NIT की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में ठगी की रकम जिस बैंक खाते में आई, उसका खाताधारक और खाता उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति शामिल है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जवाहर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 30 मई को उसे टेलीग्राम के एक ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप के जरिए उसे टास्क पूरा करके पैसे कमाने का लालच दिया गया। ठगों के कहने पर उसने उनके बताए गए बैंक खाते में 3,50,002 रुपये भेज दिए। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौतम निवासी विधुर नगर, इंदौर और प्रणय दुबे निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दोस्त हैं और साथ में फाइनेंस का काम करते थे।
पुलिस के मुताबिक, प्रणय दुबे ने गौतम का बैंक खाता लिया था और अपने एक अन्य दोस्त की मदद से यह खाता आगे ठगों तक पहुंचाया था। इसी खाते में ठगी की रकम में से करीब तीन लाख रुपये आए थे।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

