Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने वाहन चोरी के चार मामलों को सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने थाना पल्ला क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में हीरालाल निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, फरीदाबाद और बलजीत निवासी गांव बरहाना, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।
वहीं, अपराध शाखा AVTS की टीम ने थाना शहर सूरजकुंड क्षेत्र में वाहन चोरी के एक मामले में अब्दुल रहीम निवासी गांव पापड़ा, जिला नूंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।
इसके अलावा, अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने थाना कोतवाली क्षेत्र में वाहन चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया। पुलिस ने इन मामलों में चित्रांशु उर्फ चिराग निवासी पर्वतीय कॉलोनी और नकुल निवासी ओल्ड प्रेस कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी की दो स्कूटी बरामद की गईं।
पुलिस के मुताबिक, अपराध शाखाओं की कार्रवाई में कुल चार वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। इन मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर दो मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

