Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में BCA छात्रा पर घर में घुसकर अज्ञात युवक द्वारा ब्लेड से हमला किए जाने की शिकायत पुलिस जांच में मनगढ़ंत निकली। पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा ने खुद को मामूली चोट पहुंचाकर अज्ञात युवक द्वारा हमला किए जाने की कहानी बनाई थी।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को छात्रा ने शिकायत दी थी कि वह घर पर अकेली पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात युवक घर में घुसा और उस पर ब्लेड से हमला कर दिया। शिकायत मिलने के बाद थाना खेड़ीपुल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छात्रा के बताए घटनाक्रम और उपलब्ध तथ्यों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा द्वारा बताए गए घटनाक्रम में कई तथ्य संदिग्ध मिले। घटनास्थल की परिस्थितियों और शिकायत में बताए गए तथ्यों का आपस में मिलान किया गया। जांच में किसी अज्ञात व्यक्ति के घर में घुसने और छात्रा पर हमला करने की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि छात्रा ने घर की आर्थिक स्थिति, BCA की कोचिंग और अपनी जरूरतों के मुताबिक पार्ट टाइम जॉब नहीं मिलने के कारण परिवार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कहानी तैयार की थी। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने खुद को मामूली चोट पहुंचाई और उसे अज्ञात युवक द्वारा ब्लेड से किए गए हमले के रूप में परिवार के सामने पेश किया।
थाना खेड़ीपुल पुलिस ने शिकायत को केवल प्रारंभिक सूचना मानकर मामले की गहनता से जांच की। जांच के दौरान छात्रा के बताए घटनाक्रम और वास्तविक परिस्थितियों में विरोधाभास सामने आया। पुलिस के अनुसार, घर में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश कर छात्रा पर हमला करने का कोई तथ्य सामने नहीं आया।

