Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर दोनों के कब्जे से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 6 अक्टूबर को अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने रविन्द्र उर्फ रवि निवासी गांव मीसा, जिला पलवल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह देसी कट्टा भिवाड़ी से 5 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। इस मामले में थाना BPTP में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने राहुल कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी प्रवेश को भी अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, प्रवेश का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।

