Faridabad/Alive News: तीन दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ रही। अस्पताल में सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतारें लग गईं। पर्ची बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने और जांच कराने तक मरीजों को काफी इंतजार करना पड़ा। अस्पताल की ओपीडी करीब ढाई हजार रही। छुट्टी के दौरान अस्पताल में नियमित ओपीडी नहीं चलने के कारण बड़ी संख्या में मरीज सोमवार को इलाज के लिए पहुंचे।
सुबह अस्पताल खुलने के साथ ही पर्ची काउंटर पर मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी। इसके बाद विभिन्न ओपीडी के बाहर भी मरीज अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। सबसे अधिक भीड़ सामान्य ओपीडी के साथ मेडिसिन, बाल रोग, स्त्री रोग और हड्डी रोग विभाग में देखने को मिली। कई मरीजों ने बताया कि छुट्टी के कारण वे इलाज के लिए सोमवार का इंतजार कर रहे थे।

