October 6, 2026

फोन हैक कर 5.75 लाख रुपये की ठगी, खाताधारक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के एक मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने कार्रवाई करते हुए खाताधारक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फोन पर APK फाइल भेजकर एक व्यक्ति के खाते से 5,75,570 रुपये की ठगी की थी।

पुलिस के अनुसार, गांव सारन निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि 26 दिसंबर 2025 को उसके WhatsApp पर एक APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही उसका फोन हैक हो गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 5,75,570 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने गौरव और सूरज निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश, दिवाकर निवासी बक्सर, बिहार और निशांत निवासी जामताड़ा, झारखंड को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि गौरव इस मामले में खाताधारक है। उसने अपना बैंक खाता सूरज को दिया था। सूरज ने आगे यह खाता दिवाकर को और दिवाकर ने निशांत को दिया था।

पुलिस के मुताबिक, गौरव B.Tech पास है, जबकि दिवाकर और निशांत B.Tech की पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं सूरज B.Pharma की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने गौरव, सूरज और दिवाकर को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।