October 6, 2026

5.46 ग्राम एमडीएमए के साथ आरोपी गिरफ्तार, सप्लायर भी पकड़ा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच बॉर्डर टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5.46 ग्राम एमडीएमए के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विपिन निवासी ओखला, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सूरजकुंड में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच बॉर्डर टीम को सूरजकुंड क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास मादक पदार्थ होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए विपिन को पकड़ा और उसके कब्जे से 5.46 ग्राम एमडीएमए बरामद की।

पूछताछ में विपिन ने बताया कि वह यह एमडीएमए दिल्ली निवासी निशांत से लेकर आया था। उसने निशांत से 7 ग्राम एमडीएमए 7 हजार रुपये में खरीदी थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निशांत को भी गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने विपिन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि निशांत को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।