October 2, 2026

छात्रा को खंडहर में घसीटकर की दरिंदगी की हद पार

Faridabad/Alive News: दक्षिणी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क जैसी वारदात फरीदाबाद में भी हुई है। वहां दोस्त संग पार्क में छात्रा से तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। यहां दोस्त संग घूम रही 13 वर्षीय छात्रा को खंडहर बिल्डिंग में घसीटकर तीसरी मंजिल पर ले जाकर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।

बदमाशों ने किशोरी के नाबालिग दोस्त को भी नहीं छोड़ा और उसके साथ भी अप्राकृतिक यौनाचार किया। यह घटना 24 अगस्त की है।

पीड़िता ने सुनाई आपबीती

घटना के बारे में बच्चों ने घर पर कुछ नहीं बताया था, मगर तभी से दोनों सदमे में थे। अब जब मां ने प्यार से बात की तो छात्रा ने जो आपबीती बताई उससे मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

बीपीटीपी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा 24 अगस्त को शाम स्कूटी पर सवार होकर ट्यूशन गई थी। जब वह ट्यूशन से निकली तो दोस्त की कॉल उसके पास आ गई। दोनों ने साथ घूमने का प्लान बनाया। छात्रा ने दोस्त को रास्ते से स्कूटी पर साथ ले लिया। दोनों खंडहर बिल्डिंग के पास स्कूटी लगाकर सड़क पर घूमने लगे। इसी दौरान छह युवक वहां पहुंच गए।

सामूहिक दुष्कर्म किया

उन्होंने छात्रा और उसके दोस्त को पहले डराकर रुपये मांगे, उन्होंने रुपये होने से इनकार कर दिया। इसके बाद दो युवक बिल्डिंग के नीचे खड़े हो गए, चार छात्रा और उसके दोस्त को बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर ले गए। वहां एक युवक दरवाजे पर खड़ा हो गया, बाकी तीन युवकों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

इसके बाद उन्होंने छात्रा के दोस्त के साथ भी अप्राकृतिक यौनाचार किया। दोनों को डराने धमकाने के बाद नीचे लाकर स्कूटी की चाबी दी और सीधा घर जाने के लिए कहा। साथ ही इस वारदात के बारे में किसी को न बताने की चेतावनी भी दी।

छात्रा ने बताया कि सबसे बड़े युवक को उसके साथी कुणाल कहकर संबोधित कर रहे थे। बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीन युवकों को हिरासत में लिया है।