October 2, 2026

फरीदाबाद में घर से फोन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

फरीदाबाद में मोबाइल फोन चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी और फोन बरामदगी

Faridabad/Alive News: घर से मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसजीएम नगर निवासी अंकित पांडे ने थाना एसजीएम नगर में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि 29 सितंबर की रात उनकी पत्नी और बच्चे घर में सो रहे थे। इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उनकी पत्नी का मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर थाना एसजीएम नगर में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए शन्नी जैयशवाल (32) निवासी एसजीएम नगर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और उसके खिलाफ पहले भी आबकारी से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर की रात आरोपी ने ही शिकायतकर्ता की पत्नी का मोबाइल फोन चोरी किया था। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।