Faridabad/Alive News: सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर किनारे मंदिर के पास पुजारी की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच DLF ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी की पहचान ओल्ड फरीदाबाद निवासी रोहताश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मंदिर के पास बैठकर नशा कर रहे थे। पुजारी ने उन्हें नशा करने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान पुजारी के सिर पर पत्थर के सिल-बट्टे से वार किया गया। गंभीर चोट लगने के बाद पुजारी की मौत हो गई। पुलिस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की गई है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चारों आरोपी रोहताश के ऑटो में बैठकर दिल्ली से स्मैक लेकर आए थे। वारदात के बाद आरोपियों ने मंदिर से पुजारी का सामान चोरी किया और उसी ऑटो से मौके से फरार हो गए।
क्राइम ब्रांच ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो को भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

