Faridabad/Alive News: सेक्टर-29 में घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को प्रोडक्शन पर गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान चोरी किए गए सामान और अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम नगर, दिल्ली निवासी शिवम, राहुल और सोनू के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पहले से ही पुलिस टीम पर फायरिंग के एक मामले में नीमका जेल में बंद थे।
मामला सेक्टर-29 में एक मकान में हुई चोरी से जुड़ा है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि 12 सितंबर की शाम वह अपने पति के साथ किसी काम से दिल्ली गई थी। रात में वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखी नकदी और आभूषण गायब मिले।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-31 में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और उन्होंने 12/13 सितंबर की रात सेक्टर-29 स्थित मकान को निशाना बनाया था। आरोपियों ने रॉड की मदद से घर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर अलमारी से नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी सोनू के खिलाफ दिल्ली और फरीदाबाद में चोरी के 27 मामले दर्ज हैं। वहीं शिवम और राहुल के खिलाफ दिल्ली में चोरी के 12-12 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान चोरी किए गए नकदी-आभूषण की बरामदगी, वारदात में इस्तेमाल सामान और अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

