September 30, 2026

निपुण रामलीला से बच्चों में बढ़ेगा बोलने का आत्मविश्वास

हरियाणा में 1107 निजी स्कूल RTE नियमों के उल्लंघन और दस्तावेज न देने पर ब्लैकलिस्ट किए गए।

Faridabad/Alive News: जिले के राजकीय प्राथमिक स्कूलों में अब बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके बोलने और अपनी बात रखने की क्षमता पर भी काम किया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में निपुण रामलीला का आयोजन किया जाएगा। इसमें बच्चे रामलीला के अलग-अलग पात्रों की भूमिका निभाने के साथ उनके संवाद भी खुद बोलेंगे। गतिविधि के जरिए बच्चों की झिझक दूर करने और भाषा व संवाद कौशल विकसित करने पर जोर रहेगा।

शिक्षा विभाग की योजना के अनुसार प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को उनकी उम्र और क्षमता के हिसाब से छोटे-छोटे संवाद दिए जाएंगे। खासतौर पर पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों के लिए संवाद आसान रखे जाएंगे। इनमें हिंदी के साथ सरल अंग्रेजी शब्दों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि बच्चे नए शब्दों से परिचित होने के साथ उनका इस्तेमाल बोलचाल में कर सकें। रामलीला की तैयारी के दौरान शिक्षक बच्चों को संवाद याद कराने के साथ उनके उच्चारण, बोलने के तरीके और प्रस्तुति पर भी ध्यान देंगे। बच्चों को समूह में अभ्यास कराया जाएगा, जिससे वे एक-दूसरे के सामने बोलने में सहज हो सकें। स्कूल स्तर पर होने वाली प्रस्तुतियों के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों का चयन अगले स्तर की प्रस्तुति के लिए किया जाएगा।

निपुण अभियान के जिला समन्वयक मनमोहन ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की पढ़ने और बोलने की क्षमता को बेहतर करने में मदद मिलेगी। इससे बच्चों में कक्षा के दौरान सवालों का जवाब देने और अपनी बात खुलकर रखने का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। विभाग की योजना के अनुसार 6 नवंबर तक स्कूलों में निपुण रामलीला का मंचन कराया जाएगा।