Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने में लगने वाले समय को कम करने की तैयारी शुरू हो गई है। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में हेलिपैड बनाया जाएगा। इसके लिए करीब एक करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। हेलिपैड बनने के बाद जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को एयर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाने और यहां से उच्चस्तरीय उपचार के लिए दूसरे संस्थानों में भेजने की सुविधा मिल सकेगी।
मेडिकल कॉलेज परिसर में हेलिपैड बनाने का निर्णय पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के कारण लिया गया है। इससे पहले बीके अस्पताल परिसर में हेलिपैड बनाने की योजना थी, लेकिन जगह की कमी के कारण इसे आगे नहीं बढ़ाया जा सका। इसके बाद एनआईटी स्थित दशहरा मैदान में विकल्प तलाशा गया था। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में नगर निगम को पत्र भी भेजा था, लेकिन वहां भी योजना आगे नहीं बढ़ सकी।
फीजिबिलिटी रिपोर्ट में जगह उपयुक्त
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। रिपोर्ट में परिसर को हेलिपैड के निर्माण के लिए उपयुक्त बताया गया है। अब सिविल एविएशन विभाग की ओर से निर्माण कराया जाएगा। विभागीय स्तर पर प्रक्रिया शुरू हो गई है और जल्द टेंडर जारी किए जाने की तैयारी है।
अमृता अस्पताल में हो चुका है एयरलिफ्ट
फरीदाबाद में निजी स्तर पर एयर एंबुलेंस से मरीज को लाने का उदाहरण हाल में सामने आ चुका है। करीब एक माह पहले अमृता अस्पताल के रूफटॉप हेलिपैड पर पहली बार हेलीकॉप्टर उतरा था। कानपुर से एयरलिफ्ट किए गए मरीज को हेलिपैड पर लैंडिंग के बाद मेडिकल कॉरिडोर के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया था। मरीज करीब 20 मिनट में कानपुर से फरीदाबाद पहुंचा था। अब मेडिकल कॉलेज में हेलिपैड बनने से सरकारी चिकित्सा व्यवस्था में भी इस तरह की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

