Faridabad/Alive News: अक्टूबर का महीना शुरू होने के साथ ही मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक रहने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है। बुधवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूप के कारण दिन में उमस भी महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है। वहीं, रविवार और सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम मौसम सुहाना, जबकि दोपहर में गर्मी और उमस बनी रह सकती है।

