September 29, 2026

फरीदाबाद में 4 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 20 DPC और 18 बाउंड्री वॉल तोड़ीं

फरीदाबाद के बासेलवा और कनवारा में अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर कार्रवाई करती टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की टीम

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने बासेलवा और कनवारा गांव के राजस्व क्षेत्र में विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों में जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण और सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। विभाग ने कॉलोनियों में अवैध प्लॉटिंग करने वालों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी भी दी।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अनुसार, बासेलवा गांव के राजस्व क्षेत्र में करीब 4 एकड़, 3 एकड़ और 3 एकड़ में तीन अलग-अलग अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। वहीं, कनवारा गांव में करीब 2 एकड़ जमीन पर एक अनधिकृत कॉलोनी विकसित की जा रही थी।विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों कॉलोनियों में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की।

तोड़फोड़ अभियान के दौरान जेसीबी की मदद से 20 DPC, 18 बाउंड्री वॉल और 6 स्ट्रक्चर तोड़े गए। इसके अलावा दो निर्माणाधीन वर्कशॉप को भी ध्वस्त किया गया। कॉलोनियों में प्लॉटिंग के लिए तैयार किए गए सड़क नेटवर्क को भी उखाड़ दिया गया। विभाग ने अवैध रूप से विकसित किए जा रहे निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अधिकारी यजन चौधरी भी मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई की निगरानी की।

विभाग के अधिकारी यजन चौधरी ने कहा कि जिले में अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध प्लॉटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित विभाग से जमीन और कॉलोनी की वैधता की जांच जरूर कर लें। बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।