September 29, 2026

अरुणाचल में भारत-म्यांमार सीमा पर उग्रवादी हमला, असम राइफल्स का जवान शहीद; 4 घायल

अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग में भारत-म्यांमार सीमा पर तैनात असम राइफल्स के जवान

New Delhi/Alive News: अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह उग्रवादियों ने असम राइफल्स के जवानों पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में एक जवान शहीद हो गया, जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। घटना सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग सर्कल में नामपोंग नाले के पास हुई।

शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, गश्त के दौरान जवानों पर अचानक फायरिंग की गई। हमले में हवलदार जानखोकाई कुकी (42) शहीद हो गए। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

NSCN-K-YA गुट पर हमले का शक

शुरुआती जांच और खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, हमले के पीछे नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड के युंग आंग गुट (NSCN-K-YA) के उग्रवादियों का हाथ होने का शक है। हालांकि, मामले में जांच जारी है।

हमला उस इलाके में हुआ है, जहां भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है। सीमा के आसपास उग्रवादी समूहों की गतिविधियों के कारण यह क्षेत्र सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।

जंगलों में तलाशी अभियान तेज

हमले के तुरंत बाद भारतीय सेना और जिला पुलिस ने घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर दी। भागे हुए उग्रवादियों की तलाश के लिए आसपास के जंगलों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, हमले के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

चांगलांग पुलिस ने जुटाई जानकारी

चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडु ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने चांगलांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।

भारत-म्यांमार सीमा से सटे चांगलांग जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के दोनों ओर सक्रिय विद्रोही समूहों की आवाजाही के कारण सुरक्षा बल लगातार निगरानी रखते हैं। फिलहाल हमले के बाद इलाके में तलाशी अभियान जारी है।