Faridabad/Alive News: मौसम में बदलाव के बीच बुखार के मरीजों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर है। विभाग ने मंगलवार को डेंगू के दो नए मामलों की पुष्टि की है। इसके साथ जिले में इस साल डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अब बुखार के हर मरीज के रक्त की जांच कराने पर जोर दिया है, ताकि डेंगू और मलेरिया के मामलों की समय पर पहचान हो सके। दोनों नए मरीजों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
नए मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मरीजों के घर और आसपास के इलाकों में एंटी लार्वा गतिविधियां कराईं। टीमों ने संभावित जगहों की जांच कर मच्छरों के लार्वा को नष्ट कराया। साथ ही मरीजों के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को मच्छरों से बचाव और घर के आसपास पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 22 और मलेरिया के तीन मरीज भी सामने आ चुके हैं। संवेदनशील इलाकों में विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जहां भी लार्वा मिलता है, उसे मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि हर बुखार डेंगू या मलेरिया हो सकता है, इसलिए बुखार के प्रत्येक मरीज के रक्त के नमूने की जांच कराई जा रही है।

