September 26, 2026

10वीं के बाद बच्चे का दाखिला कराने से पहले जांच लें स्कूल की एफिलिएशन , 49 स्कूलों की सूची जारी

Faridabad/Alive News: अगर आपका बच्चा जिले के किसी प्राइवेट स्कूल में पढ़ रहा है और अगले सत्र में 11वीं में दाखिला लेना है तो स्कूल की  एफिलिएशन  की जानकारी जरूर जांच लें। हरियाणा बोर्ड ने 2026-27 सत्र के लिए जिले के 49 निजी स्कूलों की  एफिलिएशन एक साल के लिए बढ़ाई है। जारी सूची में स्कूलों को अलग-अलग क्लास स्तर तक पढ़ाई कराने की अनुमति दी गई है। ऐसे में सभी स्कूलों में 12वीं तक पढ़ाई की सुविधा नहीं है। कुछ स्कूलों की  एफिलिएशन 10वीं तक ही है।

10वीं के बाद विद्यार्थियों को 11वीं में स्ट्रीम चुननी होती है। ऐसे में अभिभावकों के लिए यह जानना जरूरी है कि संबंधित स्कूल में 12वीं तक की पढ़ाई के साथ कौन-कौन सी स्ट्रीम उपलब्ध हैं। यदि स्कूल की  एफिलिएशन  10वीं तक है तो विद्यार्थी को 11वीं के लिए दूसरे स्कूल में दाखिला लेना पड़ सकता है। इससे बच्चों और अभिभावकों को समय रहते आगे की पढ़ाई की योजना बनाने में मदद मिलेगी।

शहर से ग्रामीण क्षेत्र तक स्कूल शामिल
विभाग की ओर से जारी 49 स्कूलों की सूची में एनआईटी, जवाहर कॉलोनी, डबुआ कॉलोनी, संजय कॉलोनी, बल्लभगढ़, दयालपुर, धौज, तिगांव, छांयसा और खेड़ी कलां समेत शहर और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल शामिल हैं। इनमें कई सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को 12वीं तक की संबद्धता मिली है। सूची में नंबदार पब्लिक स्कूल, डीडीसी मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जेपी आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मानव सेवा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, न्यू लाइट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्रह्म ऋषि अंगिरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डीवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल और आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल समेत अन्य स्कूल शामिल हैं।

कुछ स्कूलों में सीमित स्ट्रीम
सूची के अनुसार कुछ सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को 12वीं तक पढ़ाई की अनुमति के साथ आर्ट्स और कॉमर्स जैसी स्ट्रीम की मंजूरी मिली है। इसलिए केवल स्कूल के सीनियर सेकेंडरी होने के आधार पर दाखिला लेने के बजाय अभिभावकों को यह भी देखना होगा कि बच्चे की पसंद की स्ट्रीम वहां उपलब्ध है या नहीं।  एफिलिएशन  की जानकारी पहले से होने पर 10वीं के बाद स्कूल बदलने की स्थिति में विद्यार्थियों को परेशानी से बचाया जा सकता है।