Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन खराब हुए करीब एक माह होने जा रहा है। मशीन ठीक न होने से अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए निजी अस्पतालों और लैब का रुख करना पड़ रहा है। इससे महिलाओं को परेशानी के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है।
अस्पताल में रोजाना करीब 40 गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं। ऐसे में मशीन लंबे समय से बंद होने के कारण बड़ी संख्या में महिलाओं को निजी केंद्रों पर जांच करानी पड़ रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च परेशानी का कारण बन रहा है। महिलाओं का कहना है कि सरकारी अस्पताल में कम खर्च या निशुल्क जांच की उम्मीद में आती हैं, लेकिन मशीन खराब होने के कारण बाहर से जांच करानी पड़ रही है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मशीन में आई तकनीकी खराबी की जानकारी संबंधित एजेंसी को दे दी गई है। वही कार्यकारी पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने बताया कि मशीन को जल्द ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल सके।

