September 24, 2026

फरीदाबाद हाफ मैराथन के चलते 27 सितंबर को कई रास्ते बंद: सुबह 3 से 11 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

फरीदाबाद हाफ मैराथन 2026 के लिए ट्रैफिक रूट डायवर्जन

फरीदाबाद: फरीदाबाद में 27 सितंबर 2026 को हाफ मैराथन का आयोजन होगा। करीब 1.27 लाख लोगों के इसमें शामिल होने की संभावना है। प्रतिभागियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 3 बजे से 11 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने का फैसला लिया है।

मैराथन सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होगी। इस दौरान मैराथन के रूट और उससे जुड़े रास्तों पर वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रमुख चौराहों, कट और मोड़ों पर बैरिकेडिंग और ट्रैफिक नाके लगाए जाएंगे। यातायात पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी।

21 किलोमीटर मैराथन का रूट

21 किलोमीटर की हाफ मैराथन सुबह करीब 6 बजे सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होगी। इसके बाद रूट एनएचपीसी कॉलोनी, मानव रचना इंस्टीट्यूट, श्री सिद्धदाता आश्रम, जिमखाना क्लब और अनखीर गोलचक्कर से होते हुए सेक्टर-21C और सेक्टर-46 डिवाइडिंग रोड तक जाएगा।

इसके बाद धावक मार्बल मार्केट, बड़खल-अनखीर रोड और सेक्टर-21D मार्केट होते हुए अनखीर गोलचक्कर पर यू-टर्न लेंगे और वापस सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचेंगे।

10 किलोमीटर मैराथन का रूट

10 किलोमीटर की दौड़ सुबह 6:30 बजे शुरू होगी। इसका रूट सूरजकुंड मेला ग्राउंड से एनएचपीसी कॉलोनी, अनंगपुर चौक, मानव रचना इंस्टीट्यूट और एमवीएन कट तक रहेगा। यहां से यू-टर्न लेकर प्रतिभागी वापस सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचेंगे।

5 किलोमीटर मैराथन का रूट

5 किलोमीटर की मैराथन सुबह 7 बजे शुरू होगी। प्रतिभागी सूरजकुंड मेला ग्राउंड से एनएचपीसी कॉलोनी कट होते हुए लोटस गार्डन तक जाएंगे। यहां से यू-टर्न लेकर दौड़ वापस आयोजन स्थल पर समाप्त होगी।

इन रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

मैराथन के दौरान पाली चौक से एमवीएन चौक, प्रहलादपुर चौक से सूरजकुंड गोलचक्कर, सूरजकुंड रोड, अनंगपुर रोड और एमवीएन रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

इसके अलावा अनखीर गोलचक्कर से सेक्टर-21A से सेक्टर-21D डिवाइडिंग रोड और बड़खल चौक से सूरजकुंड शूटिंग रेंज रोड तक भी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। मैराथन रूट पर भी किसी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

गुरुग्राम-दिल्ली आने-जाने वालों के लिए वैकल्पिक रूट

गुरुग्राम से दिल्ली: पाली चौक → गुड़गांव मोड़ → सैनिक कॉलोनी → मस्जिद चौक → प्याली चौक → बाटा चौक → नेशनल हाईवे → बदरपुर बॉर्डर।

दिल्ली से गुरुग्राम: बदरपुर बॉर्डर → नेशनल हाईवे → बाटा चौक → प्याली चौक → मस्जिद चौक → सैनिक कॉलोनी → गुड़गांव मोड़ → पाली चौक।

ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 27 सितंबर को सुबह 3 से 11 बजे के बीच सूरजकुंड और मैराथन रूट की ओर अनावश्यक यात्रा से बचें। घर से निकलने से पहले अपने रूट की योजना बनाएं और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

वाहन चालकों से बैरिकेडिंग, ट्रैफिक नाकों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

मैराथन प्रतिभागियों से भी आयोजन स्थल पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील की गई है, ताकि किट कलेक्शन, वार्मअप और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें।

यातायात संबंधी सहायता के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 0129-2267201 और 0129-2225999 पर संपर्क किया जा सकता है। आपात स्थिति में 112 पर कॉल करने की सलाह दी गई है।