Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के एनआईटी स्थित एमसीएफ ऑडिटोरियम में थाना सारन और सामुदायिक पुलिसिंग सेल की ओर से नशे के दुष्प्रभावों और पुलिस सेवाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लोगों को नशे से होने वाले नुकसान और आपात स्थिति में मदद के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने नशे के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
थाना सारन के प्रबंधक निरीक्षक हुकम सिंह ने कहा कि नशे का सेवन व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक महेश कुमार ने नशे को गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पुलिस और अन्य जरूरी सेवाओं के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें डायल-112, ट्रैफिक हेल्पलाइन-1073, साइबर अपराध हेल्पलाइन-1930, एनएचएआई सहायता नंबर-1033, आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन-1070/1077, मानस हेल्पलाइन-1933, महिला एवं बाल सहायता हेल्पलाइन-181/1098 और महिला हेल्पलाइन-1091 शामिल हैं।
लोगों को ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विसेज (TMS) के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग देने की अपील की। फरीदाबाद पुलिस ने संदेश दिया कि नशे को ना कहें, स्वस्थ रहें, सुरक्षित रहें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें।

