Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रिटायर्ड बैंक कर्मचारी से 3,21,999 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की पुलिस ने इस मामले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को 21 सितंबर को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-7D निवासी एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी ने शिकायत में बताया कि 16 अप्रैल 2026 को उन्होंने फेसबुक पर 21,999 रुपये निवेश करने का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उनके पास एक व्हाट्सएप नंबर से मैसेज आया। इसमें उन्हें शेयर ट्रेडिंग में पैसे निवेश करने के सुझाव दिए गए।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए सहमति दे दी। उन्होंने 16 अप्रैल से 29 अप्रैल 2026 के बीच कुल 3,21,999 रुपये निवेश किए, लेकिन उन्हें कोई पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान अंकुर श्रीवास्तव (36), निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश, विवेक राय (20) और प्रकाश सरकार (33), निवासी ऋषिकेश, उत्तराखंड के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, प्रकाश सरकार ने विपुल रॉय से कपिल का बैंक खाता लेकर आगे विवेक और अंकुर को दिया था। इसके बाद विवेक और अंकुर ने यह खाता टेलीग्राम के जरिए आगे ठगी करने वालों तक पहुंचाया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अंकुर श्रीवास्तव बीटेक पास है और सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। विवेक राय 12वीं पास, जबकि प्रकाश सरकार 8वीं पास है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस मामले में कपिल और विपुल रॉय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

