New Delhi/Alive News: दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (LSR) ने मंगलवार दोपहर से फिजिकल क्लास बंद कर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कर दी। यह फैसला कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित गैंगरेप की घटना और कॉलेज के पिछले गेट के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले के एक आरोपी को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ कॉलेज के पिछले गेट से करीब 50 मीटर दूर हुई। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर और आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
कॉलेज प्रशासन ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और उनके मानसिक-सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। छात्रों की सहायता के लिए फैकल्टी मेंटर्स और काउंसलर्स को उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं।
21 सितंबर को नाबालिग से गैंगरेप का आरोप
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की शाम 17 वर्षीय लड़की अपने एक पुरुष दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका। इसके बाद लड़की को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान जगह पर ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। आरोपियों ने दोनों को धमकाया भी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
LSR कॉलेज के पिछले गेट के पास पुलिस मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ भी शामिल है। अमर कॉलोनी इलाके में उसे पकड़ने की कोशिश के दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी। गोली एक हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आसिफ के पैर में चोट लगी। पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ लेडी श्रीराम कॉलेज के पिछले गेट से करीब 50 मीटर दूर हुई। घटना के बाद कॉलेज के छात्रों और स्टाफ में चिंता बढ़ गई। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने फिजिकल क्लास बंद कर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया।
छात्राओं में सुरक्षा को लेकर चिंता
घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज और आस्था कुंज पार्क के आसपास रहने वाली छात्राओं में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। कुछ छात्राओं ने अस्थायी रूप से घर लौटने की बात कही है।
वहीं, कई छात्राएं अकेले आने-जाने से बच रही हैं और समूह में कॉलेज आने-जाने की कोशिश कर रही हैं। कॉलेज प्रशासन ने कहा है कि छात्राओं की सहायता के लिए फैकल्टी मेंटर्स और काउंसलर्स उपलब्ध रहेंगे, ताकि वे अपनी चिंताओं और परेशानियों पर उनसे बात कर सकें।
स्टूडेंट यूनियन ने बुलाई आपात बैठक
LSR स्टूडेंट यूनियन ने मंगलवार रात 9 बजे ऑनलाइन इमरजेंसी जनरल बॉडी मीटिंग बुलाई। बैठक में छात्राओं की सुरक्षा, उनकी चिंताओं और कॉलेज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
यूनियन इन मुद्दों को कॉलेज प्रशासन के सामने रखेगी। इसमें कैंपस की बाहरी सीमा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाई गई चिंताएं भी शामिल हैं।

