September 22, 2026

SGFI राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीवा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण और कांस्य पदक

Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने SGFI (School Games Federation of India) की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।

हरियाणा के जींद स्थित इंडस ग्लोबल अकादमी में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग स्कूलों से करीब 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच जीवा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया।

कक्षा 9वीं की नैनिका सिंह ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, कक्षा 10वीं के आरुष चंदीला ने टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की।

वहीं, कक्षा 8वीं की दृष्टिका सिंह ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उनके खेल कौशल को देखते हुए उनका चयन SGFI राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र में आयोजित होगी।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, जीवा पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के खेल और अन्य क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जाता है। विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव और प्रधानाचार्या नरजीत कौर ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खिलाड़ियों की सफलता में कोच सोनू की भूमिका की भी सराहना की गई। विद्यालय प्रबंधन ने उनके मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और लगातार किए गए प्रयासों को खिलाड़ियों की इस सफलता में महत्वपूर्ण बताया।