September 21, 2026

फरीदाबाद में साइबर ठगी के 3 मामलों में 5 गिरफ्तार, ई-सिम और शेयर मार्केट के नाम पर भी ठगी

फरीदाबाद साइबर ठगी के तीन मामलों में साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ई-सिम के नाम पर 1.80 लाख रुपये, शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 3.21 लाख रुपये और इंस्टाग्राम पर गिफ्ट के विज्ञापन के जरिए 72,911 रुपये की ठगी का मामला शामिल है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने अपना सिम कार्ड ई-सिम में बदलने के लिए कस्टमर केयर से संपर्क किया था। इसके बाद ठगों ने सिम अपग्रेड करने के नाम पर उससे ओटीपी मांगा। ओटीपी साझा करने के बाद उसके बैंक खाते से 1.80 लाख रुपये निकल गए।

इस मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ ने विशाल डागर निवासी श्रीगोविंदपुरा, जयपुर और मोहित यादव निवासी बालावास, कोटपुतली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने खाताधारक लोकेश का बैंक खाता लेकर आगे उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी के 62 हजार रुपये आए थे। लोकेश और आरोपी विशाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मोहित को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

दूसरे मामले में सेक्टर-7D निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि अप्रैल 2026 में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर उसके साथ 3,21,999 रुपये की साइबर ठगी हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विपुल राय निवासी संजय कॉलोनी, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि विपुल ने खाताधारक कपिल का बैंक खाता लेकर आगे उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी के 21,999 रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। खाताधारक कपिल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

तीसरे मामले में भगत सिंह कॉलोनी निवासी महिला ने शिकायत दी कि उसने इंस्टाग्राम पर गिफ्ट का विज्ञापन देखकर ऑर्डर किया था। इसके बाद ठगों ने पहले गिफ्ट की पेमेंट और फिर डिलीवरी के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर उससे 72,911 रुपये ठग लिए।

इस मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने राहुल मीना निवासी गांव सूखाल, जिला सीकर और मनीष भरावन निवासी गांव बहरावण्डा खुर्द, जिला सीकर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने महिला को मैसेज और कॉल के जरिए झांसे में लिया और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।