Faridabad/Alive News: थाना खेड़ीपुल क्षेत्र के गांव बुढ़ाना में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट तैयार कर बाजार में बेचने के मामले में पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी अफजल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर अपराध शाखा सेक्टर-85 और थाना खेड़ीपुल पुलिस की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री पर छापेमारी की थी। फैक्ट्री से 145 तैयार नकली सीमेंट बैग, 550 बैग खराब सीमेंट, 110 बैग क्लिंकर और अल्ट्राटेक के 980 नकली खाली बैग बरामद किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री में खराब सीमेंट को पीसकर और छानकर उसमें अन्य सामग्री मिलाई जा रही थी। इसके बाद तैयार सीमेंट को अल्ट्राटेक के नकली बैगों में भरकर बाजार में बेचने की तैयारी थी। मौके से सुपरवाइजर कमाल शाह और ठेकेदार नईम शाह, दोनों निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ के दौरान दोनों ने फैक्ट्री संचालक का नाम अफजल निवासी हरी नगर एक्सटेंशन, जैतपुर, दक्षिण दिल्ली बताया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अफजल को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि अफजल करीब एक साल से फैक्ट्री चला रहा था। वह सीमेंट के कट्टे उज्जैन और दिल्ली से खरीदता था, जबकि सीमेंट में मिलाने के लिए कुंड, रेवाड़ी से पिसा हुआ स्लेट पत्थर मंगवाता था। स्लेट पत्थर को सीमेंट में मिलाकर नकली सीमेंट तैयार किया जाता था और उसे बाजार में बेचा जाता था।
मामले में गिरफ्तार आरोपी अफजल को अदालत में पेश कर 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, सुपरवाइजर कमाल शाह और ठेकेदार नईम शाह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

