September 21, 2026

मेवला में खुलेगा 50 बेड का अस्पताल, बीके की ओपीडी पर घटेगा दबाव

Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में इलाज और ऑपरेशन के लिए मरीजों की बढ़ती भीड़ के बीच मेवला महाराजपुर के लोगों के लिए राहत की खबर है। सेक्टर-45 स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र को अब 50 बेड के सब डिवीजनल अस्पताल में अपग्रेड किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को इसकी मंजूरी मिल गई है और अस्पताल के लिए स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। करीब डेढ़ महीने में अस्पताल शुरू होने की योजना है। इसके बाद आसपास के मरीजों को छोटी-बड़ी जांच और कई तरह की सर्जरी के लिए बीके अस्पताल तक नहीं जाना पड़ेगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नए अस्पताल में कुल 45 स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें 11 डॉक्टर, 17 स्टाफ नर्स, दो वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी समेत अन्य कर्मचारी शामिल होंगे। पहले सब डिवीजनल अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेड़ीकलां में शुरू करने की योजना थी, लेकिन सरकारी मानकों के अनुसार उपयुक्त नहीं पाए जाने के बाद मेवला महाराजपुर को इसके लिए चुना गया। 50 बेड का अस्पताल शुरू होने के बाद यहां एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी और रक्त संबंधी जांच की सुविधा मिलेगी। मरीजों के भर्ती होने के लिए वार्ड भी तैयार किया जाएगा। घुटना और कूल्हा बदलने, आंखों के ऑपरेशन समेत कई तरह की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

ऑपरेशन के लिए बीके पर निर्भरता होगी कम

200 बेड वाले बीके अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण कई बार ऑपरेशन के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। मेवला महाराजपुर में सर्जरी और भर्ती की सुविधा शुरू होने से आसपास के मरीजों का एक हिस्सा यहीं उपचार करा सकेगा। इससे बीके अस्पताल की ओपीडी और ऑपरेशन सेवाओं पर दबाव कम होने की उम्मीद है। फिलहाल शहरी स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, मरीजों को भर्ती करने, सर्जरी, हड्डी संबंधी उपचार, दंत चिकित्सा और 24 घंटे प्रसव की सुविधा उपलब्ध है। केंद्र में आधुनिक मशीनों से सामान्य जांच भी की जा रही है।

क्या कहना है अधिकारी

सरकार से सब डिवीजनल अस्पताल शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। स्टाफ नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। करीब डेढ़ महीने में अस्पताल शुरू करने की योजना है।

– डॉ. मीनाक्षी तंवर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, शहरी स्वास्थ्य केंद्र मेवला महाराजपुर