September 21, 2026

गुरुग्राम में 2 हजार शिक्षार्थियों ने दी ULLAS साक्षरता परीक्षा, महिलाओं की भागीदारी रही अधिक

गुरुग्राम में ULLAS साक्षरता परीक्षा देती महिला शिक्षार्थी

Gurugram/Alive News: गुरुग्राम में रविवार को नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (ULLAS) के तहत साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। जिले के 129 परीक्षा केंद्रों पर करीब 2,000 शिक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें लगभग 1,200 महिलाएं और 800 पुरुष शामिल रहे।

परीक्षा केंद्रों पर शिक्षा के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। कई महिलाएं घूंघट में परीक्षा देती नजर आईं, जबकि बुजुर्ग शिक्षार्थी भी अपने बच्चों और पोते-पोतियों के साथ परीक्षा देने पहुंचे। उम्र और परिस्थितियों को पीछे छोड़कर पढ़ने-लिखने का जज्बा दिखाने वाले शिक्षार्थियों की भागीदारी प्रेरणादायक रही।

परीक्षा सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई, ताकि शिक्षार्थी अपनी सुविधा के अनुसार केंद्र पर पहुंच सकें। इससे पहले विद्यालयों के सर्वेयरों ने शिक्षार्थियों की पहचान कर ULLAS ऐप पर पंजीकरण किया था। स्वयंसेवी शिक्षकों ने उन्हें पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणित का अभ्यास कराया।

नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के उन लोगों को शिक्षा से जोड़ना है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। इसके तहत बुनियादी साक्षरता के साथ डिजिटल और वित्तीय जानकारी भी दी जाती है।

जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में अधिकारियों, शिक्षकों और स्वयंसेवी शिक्षकों ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए व्यवस्थाएं कीं। विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर शिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ULLAS केवल साक्षरता अभियान नहीं, बल्कि लोगों को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का प्रयास है। विभाग का लक्ष्य है कि जिले में 15 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी नागरिक निरक्षर न रहे।