Faridabad/Alive News: राजीव कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक और उसके पालतू कुत्ते की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा पंडित चौक के पास हुआ, जहां सड़क पर बिजली का टूटा हुआ तार पड़ा था। युवक सुबह सैर के लिए निकला था और इसी दौरान उसका कुत्ता तार की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार राजीव कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय ओमन चौटाला एक निजी कंपनी में काम करता था। वह शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था। उसका पालतू कुत्ता भी उसके साथ था। दोनों पंडित चौक के पास पहुंचे थे।
सड़क पर पड़ा था बिजली का टूटा तार
स्थानीय लोगों के मुताबिक पंडित चौक के पास बिजली का तार रात में टूटकर सड़क पर गिर गया था। सुबह तक तार सड़क पर पड़ा रहा। आरोप है कि समय रहते बिजली विभाग की ओर से तार को हटाने या मौके पर सुरक्षा व्यवस्था करने की कार्रवाई नहीं की गई।
कुत्ते को बचाने के दौरान युवक भी आया करंट की चपेट में
बताया जा रहा है कि सैर के दौरान ओमन का कुत्ता अचानक टूटे बिजली के तार की चपेट में आ गया। कुत्ते को करंट लगते देख ओमन उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा। इसी दौरान वह भी बिजली के संपर्क में आ गया। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
हादसे की सूचना मिलने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि टूटे तार को समय रहते हटवा दिया जाता या मौके पर बैरिकेडिंग कर दी जाती तो हादसा टाला जा सकता था। परिवार ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

