September 18, 2026

फरीदाबाद में पूर्व सरपंच के घर डेढ़ करोड़ की चोरी, परिवार को कमरे में बंद कर भागे आरोपी

फरीदाबाद के शाहुपुरा में पूर्व सरपंच के घर चोरी का मामला

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ के शाहुपुरा गांव में पूर्व महिला सरपंच के घर बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि देर रात घर में घुसे बदमाश परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश करने के बाद करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में करीब 70 तोले सोना, ढाई किलो चांदी और 3.5 लाख रुपये नकद शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना के समय पूर्व सरपंच राधा रानी अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि चार-पांच आरोपी दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के कुछ सदस्यों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

रात में दीवार फांदकर घर में घुसे आरोपी

पूर्व सरपंच प्रतिनिधि देवी स्वरूप के मुताबिक, गुरुवार देर रात वह अपनी पत्नी राधा रानी और छोटे बेटे के साथ नीचे के कमरे में सो रहे थे। वहीं दूसरा बेटा और उसकी पत्नी ऊपर के कमरे में सो रहे थे। परिवार की एक बहू बच्चे के साथ मायके गई हुई थी।

आरोप है कि घर में घुसे बदमाशों ने परिवार के कुछ सदस्यों को उनके कमरों में बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद अलमारी और लॉकर से गहने व नकदी निकालकर फरार हो गए।

पूर्व सरपंच ने नशीला पदार्थ सुंघाने का लगाया आरोप

राधा रानी ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे सो गई थीं। उनका आरोप है कि घर में घुसे बदमाशों ने उन्हें कोई पदार्थ सुंघाया, जिसके बाद वह गहरी नींद में चली गईं। सुबह करीब 4 बजे उनकी आंख खुली तो उन्हें उठने में परेशानी हो रही थी।

उनके पति देवी स्वरूप को भी सुबह उठने में परेशानी हुई। परिवार के दूसरे सदस्य की नींद करीब 6 बजे खुली, जिसके बाद घर में चोरी होने की जानकारी सामने आई।

अलमारी का सामान बिखरा मिला

देवी स्वरूप के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे उनकी नींद खुली तो उन्होंने सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला देखा। कमरे के अंदर अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलमारी के ऊपर बने लॉकर से गहने गायब मिले।

इसके बाद वह ऊपर की मंजिल पर पहुंचे। वहां परिवार के सदस्य के कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। कुंडी खोलने के बाद पूरे घर की जांच की गई तो अलमारी में रखे करीब 3.5 लाख रुपये भी गायब मिले।

70 तोले सोना और ढाई किलो चांदी चोरी

परिवार के मुताबिक, चोरी हुए सामान में करीब 70 तोले सोना और ढाई किलो चांदी शामिल है। नकदी समेत चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत और मात्रा की पुलिस जांच के बाद पुष्टि होगी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी प्रकाश चंद के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।