Faridabad/Alive News; बदलते मौसम के बीच जिले में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के दो नए मरीजों की पुष्टि की। इसके साथ ही जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। दोनों मरीजों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं, जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 18 और मलेरिया के तीन मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डेंगू के नए मामले मिलने के बाद मरीजों के घर और आसपास के इलाकों में एंटी लार्वा अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घरों और आसपास के क्षेत्रों में जांच कर मच्छरों के लार्वा को नष्ट कराया। साथ ही मरीजों के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों को मच्छरों से बचाव और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
जमा पानी की जांच करने की अपील
विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। खासतौर पर कूलर, गमले, छत और अन्य जगहों पर जमा पानी की नियमित जांच करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि परिवार में किसी सदस्य को लगातार बुखार होने पर डेंगू और मलेरिया की जांच जरूर कराएं। वहीं, लक्षण होने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार स्वाइन फ्लू की जांच भी कराई जाए।

