September 16, 2026

फरीदाबाद में एनसीबी से गुरुग्राम नहर तक सर्विस रोड का इसी महीने होगा निर्माण, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

Faridabad/Alive News: मानसून के दौरान जलभराव के कारण हजारों वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनती आ रही एनसीबी से बल्लभगढ़ गुरुग्राम नहर तक की सर्विस रोड को इसी महीने बनाया जाएगा।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली आगरा हाइवे पर चल रहे कारपेटिंग कार्य जब सराय टोल बैरियर से गदपुरी तक चालू होगा, तभी इसका भी निर्माण होगा।

बता दें, करीब 450 मीटर लंबी इस सर्विस रोड पर वर्षा के समय बहुत ज्यादा पानी भर जाया करता था। लंबे समय से चली आ रही समस्या के निराकरण के लिए एनएचएआइ ने यहां वर्षा पिट बनाकर वहां से पाइप लाइन सीधे गुरुग्राम नहर तक पहुंचाई है। इसका निर्माण पूरा हो चुका है। कार्य के पूरा होने के बाद अब सर्विस रोड का निर्माण कार्य शुरू किया जाना है।

हाइवे से बल्लभगढ़ की चावला कालोनी व मुख्य बाजार व एलिवेटिड फ्लाइओवर से बल्लभगढ़ सोहना पुल के जरिये सोहना रोड की ओर जाने के लिए हजारों वाहन चालक इसी सर्विस रोड का प्रयोग करते हैं।

सर्विस रोड बंद होने के बाद अब ट्रैफिक को हाइवे से कनेक्ट करके निकाला जा रहा है। इसके चलते कभी कभी वहां भीषण जाम लगता है, जिससे जेसीबी और पलवल की तरफ जाने वाला ट्रैफिक बाधित होता है।