September 16, 2026

बदलते मौसम में बच्चों की सेहत बिगड़ी, बीके अस्पताल की ओपीडी में बढ़ी भीड़

Faridabad/Alive News: मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच बच्चे खांसी-जुकाम और वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। बीके अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में रोजाना 60 से अधिक बच्चे इन शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार सुबह और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से बच्चों में मौसमी संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।

इन दिनों अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में बच्चों की संख्या बढ़ी है। अधिकांश बच्चों में खांसी, नाक बहना, गले में खराश और हल्के बुखार जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशांत के अनुसार मौसम बदलने के दौरान बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वे संक्रमण की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। बच्चों को मौसम के अनुसार कपड़े पहनाने, पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। साथ ही बीमार व्यक्ति के संपर्क में आने से बच्चों को बचाने की सलाह दी गई है।

तेज बुखार या सांस में दिक्कत हो तो डॉक्टर को दिखाएं
डॉ. सुशांत ने कहा कि बच्चे को लगातार तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक खांसी या कमजोरी हो तो बिना डॉक्टर की सलाह के दवा नहीं देनी चाहिए। ऐसी स्थिति में बच्चे को डॉक्टर को दिखाकर जरूरी जांच और उपचार कराना चाहिए।