September 15, 2026

डॉक्टर का नंबर इंटरनेट पर सर्च करना पड़ा महंगा, साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 95,105 रुपये

फरीदाबाद साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार जयपुर के तीन आरोपी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति को डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए इंटरनेट पर मोबाइल नंबर सर्च करना महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फोन कर उसे अपनी बातों में फंसाया और उसके बैंक खाते से 95,105 रुपये निकाल लिए। मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने जयपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत ने तीनों को पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के लिए इंटरनेट पर मोबाइल नंबर तलाशा था। इसी दौरान उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने पीड़ित से उसकी पत्नी का नाम समेत कुछ अन्य जानकारी पूछी और बातचीत के जरिए उसका विश्वास जीत लिया।

इसके बाद आरोपियों ने 2 जुलाई को चार अनधिकृत UPI ट्रांजैक्शन के जरिए पीड़ित के बैंक खाते से कुल 95,105 रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने राहुल निवासी ए.के. गोपालन नगर, जयपुर, रवि निवासी गणेश नगर, जयपुर और यश निवासी शारदा कॉलोनी, जयपुर को 14 सितंबर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि राहुल खाताधारक है। उसने स्मार्ट ऐज सॉल्यूशन के नाम से एक फर्म का करंट बैंक खाता खुलवाया था। पुलिस के अनुसार, यह खाता रवि और यश के माध्यम से साइबर ठगों तक पहुंचाया गया। इसी खाते में ठगी की रकम में से 79,892 रुपये आए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी यश जयपुर हाई कोर्ट में वकालत करता है, जबकि रवि जयपुर में कोचिंग देने का काम करता है।

तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से साइबर थाना NIT की टीम को आगे की पूछताछ और जांच के लिए 3 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस अब मामले में ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।