Faridabad/Alive News: चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सिकरोना और अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीमों ने अलग-अलग चोरी के मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, दिलीप कॉलोनी निवासी विक्की की शिकायत पर थाना शहर बल्लभगढ़ में मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा सिकरोना की टीम ने आसिफ निवासी गांव धौज, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
मोबाइल चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने थाना शहर बल्लभगढ़ में दर्ज मोबाइल चोरी के मामले में कार्रवाई की। टीम ने अर्जुन निवासी गांव इशापुर, मथुरा, हाल निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

