September 11, 2026

एक हफ्ते में स्ट्रीट लाइटें नहीं लगीं तो JE पर टर्मिनेशन की कार्रवाई, निगम कमिश्नर का अल्टीमेटम

फरीदाबाद NIT की अंधेरी सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद एनआईटी की सड़कों पर लंबे समय से पसरे अंधेरे को लेकर नगर निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह ने अधिकारियों पर सख्ती दिखाई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के भीतर स्ट्रीट लाइटें लगा दी जाएं। तय समय में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित जेई के खिलाफ टर्मिनेशन की कार्रवाई की जा सकती है।

एनआईटी क्षेत्र के पार्षदों के साथ हुई बैठक में स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पार्षदों ने बताया कि एनआईटी की कई सड़कें लंबे समय से अंधेरे में हैं, जिससे लोगों को रात के समय आने-जाने में परेशानी हो रही है।

निगम कमिश्नर ने जेई अरुण और विजय को एक सप्ताह के भीतर स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय सीमा के भीतर काम पूरा नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एक साल से स्टोर में पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें

बैठक में सामने आया कि सरकार की ओर से करीब एक साल पहले स्ट्रीट लाइटें नगर निगम को उपलब्ध कराई गई थीं। इसके बावजूद इन्हें सड़कों पर लगाने के बजाय निगम के स्टोर में रखा गया और लंबे समय से ये लाइटें वहीं पड़ी हुई हैं।

स्थिति यह भी बताई गई कि स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव का ठेका बिना लाइटें लगाए ही समाप्त हो चुका है। पार्षदों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर लाइटें लगा दी जातीं तो लोगों को अंधेरी सड़कों पर सफर नहीं करना पड़ता।

वार्ड-10 के पार्षद भगवान सिंह ने भी इस समस्या को लेकर नगर निगम कमिश्नर को पत्र सौंपा है।

अंधेरे के कारण हादसे का भी उठाया मुद्दा

एनआईटी क्षेत्र में अंधेरी सड़कों के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। पिछले महीने एक बाइक सवार सड़क पर घूम रही गाय को अंधेरे के कारण समय पर नहीं देख पाया और बाइक उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ था और बाद में उसकी मौत हो गई।

पार्षदों ने बैठक में इस घटना का हवाला देते हुए जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की। अब निगम कमिश्नर की सख्ती के बाद अधिकारियों के सामने एक सप्ताह के भीतर एनआईटी की सड़कों को रोशन करने की चुनौती है।