September 9, 2026

साढ़े तीन महीने में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 33 मामले दर्ज, 36 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने फरीदाबाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 18 मई से 31 अगस्त 2026 तक चलाए गए अभियान में 33 एफआईआर दर्ज कर 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 136.06 ग्राम हेरोइन, 43.26 ग्राम कोकीन, 94.17 ग्राम एमडीएमए, 13.20 किलो गांजा और 12.394 किलो पोस्त चूरा बरामद किया। इसके अलावा 6,491 नशीली टैबलेट, 3,733 कैप्सूल, 386 इंजेक्शन और 34 सिरप की बोतलें भी जब्त की गईं।

फरीदाबाद यूनिट ने 11 मामले दर्ज कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यहां से 70.65 ग्राम हेरोइन, 2.32 किलो गांजा, 9.194 किलो पोस्त चूरा, 6,371 टैबलेट समेत अन्य नशीली सामग्री बरामद हुई।

गुरुग्राम यूनिट ने 15 मामलों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यहां से हेरोइन, कोकीन, एमडीएमए, गांजा और पोस्त चूरा समेत नशीली दवाइयां बरामद की गईं।

वहीं रेवाड़ी यूनिट ने 7 मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 34.54 ग्राम हेरोइन, 3,600 कैप्सूल और 8 सिरप की बोतलें बरामद हुईं।

HSNCB ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि नशीले पदार्थों की सप्लाई के पूरे नेटवर्क और उसके स्रोत तक पहुंचना है। खासकर कमर्शियल क्वांटिटी के मामलों में बड़े सप्लाई नेटवर्क की जांच पर जोर दिया जा रहा है।

53 हजार से ज्यादा लोगों को किया जागरूक

नशे की मांग कम करने के लिए ब्यूरो ने जागरूकता अभियान भी चलाया। इस दौरान 261 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 53,695 लोगों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों और अभिभावकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई।

डीआईजी राजेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने के साथ-साथ लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने आमजन से नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी पुलिस को देने की अपील की। सूचना 90508-91508, टोल-फ्री नंबर 1933 या ncbmanas.gov.in पर दी जा सकती है।