Faridabad/Alive News: ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर 38 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी कपिल ग्रोवर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 7 सितंबर को राजस्थान से गिरफ्तार किया और अदालत में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-9 निवासी एक व्यक्ति को ऑनलाइन लोन कंपनी के जरिए 15 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया गया था। ठगों ने पहले रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 599 रुपये लिए। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, बैंक चार्ज और इंश्योरेंस समेत अलग-अलग शुल्क के नाम पर कुल 38 हजार रुपये कई बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में लोन जारी करने के लिए और पैसे मांगे गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया कि आरोपी कपिल जैसलमेर स्थित एक फाइनेंस बैंक में काम करता है। उसने एक आरोपी रोहित की मुलाकात मोहित से करवाई थी। रोहित बैंक खाते लेकर मोहित को देता था। इन खातों में ठगी की रकम आने के बाद मोहित, कपिल के जरिए खातों का बैलेंस और बैंक से जुड़ी अन्य जानकारी पता करवाता था। कपिल यह जानकारी मोहित को देता था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में रोहित और मोहित समेत 8 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मामले की जांच जारी है।

