Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष वीकेंड अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। 3 से 6 सितंबर 2026 तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में 197 आरोपितों को गिरफ्तार किया। वहीं, 84 पीओ और बेल जंपरों के खिलाफ कार्रवाई की गई तथा 46 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर चलाए गए अभियान में नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, शराब तस्करों और फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में 10 किलो से अधिक गांजा और 6 ग्राम से ज्यादा स्मैक बरामद की गई। वहीं, पुलिस ने 5 देसी कट्टे और एक कारतूस भी जब्त किया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 33 बोतल देसी और 336 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। थाना छायंसा क्षेत्र में एटीएम चोरी के मामले में वांछित ₹5 हजार के इनामी आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 11 साल से फरार एक उद्घोषित अपराधी को मुंबई से गिरफ्तार कर फरीदाबाद लाया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने 10 जुलाई से अब तक 7 वीकेंड अभियान चलाए हैं। इन अभियानों में 1400 से अधिक आरोपित गिरफ्तार, 750 से ज्यादा पीओ-बेल जंपरों के खिलाफ कार्रवाई और करीब 800 गुमशुदा लोगों को उनके परिवारों से मिलाया जा चुका है।

