New Delhi/Alive News: असम के गुवाहाटी में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। एक युवक पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी की हत्या करने और शव के साथ बेरहमी करने का आरोप है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब फ्लैट से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर पहुंची तो महिला का शव मिला। पुलिस के अनुसार, महिला का सिर धड़ से अलग किया गया था और उसे फ्रिज में रखा गया था। दोनों हाथों की उंगलियां भी काटी गई थीं।
हत्या के बाद आरोपी पति फरार हो गया था। पुलिस ने उसे सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच और आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को शव के साथ मिली गंभीर स्थिति
यह घटना गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके की बताई जा रही है। मृतका की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी पति रामानुजन गोस्वामी ने हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की थी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी की आगे क्या योजना थी और हत्या के पीछे की वजह क्या थी। पड़ोसियों को फ्लैट से तेज बदबू आने पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
6 महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, रिया और रामानुजन की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में किराए के फ्लैट में रह रहे थे। रिया फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में स्थित एक बुटीक में काम करती थी। उसके परिवार में एक भाई बताया गया है। वहीं आरोपी कैब चलाने का काम करता था।
आरोपी के खिलाफ पहले से केस दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पैतृक घर असम के धुबरी जिले के गौरीपुर में है, जहां उसके माता-पिता रहते हैं। आरोपी के खिलाफ धुबरी थाने में एटीएम चोरी से जुड़ा एक मामला दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस को आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

