Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में पुराने और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ जल्द विशेष अभियान चलाया जाएगा। PARIVARTAN योजना के तहत End-of-Life (EOL) वाहनों पर कार्रवाई को लेकर वीरवार को लघु सचिवालय सेक्टर-12 में पुलिस उपायुक्त यातायात जयबीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह, यातायात निरीक्षक, जोनल अधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने BS-III और उससे नीचे श्रेणी के पुराने ट्रक व बसों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
डीसीपी ट्रैफिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में EOL वाहनों की पहचान कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को सड़कों से हटाना वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी है।
PARIVARTAN योजना के तहत पुराने और प्रदूषणकारी ट्रकों व बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर नए BS-VI या स्वच्छ ईंधन वाले वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पुराने वाहन को अधिकृत स्क्रैपिंग सेंटर पर जमा कराने के बाद वाहन मालिक योजना के तहत मिलने वाले विभिन्न लाभ उठा सकते हैं।
पुलिस के अनुसार, नया BS-VI या इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर में 100 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है। वहीं पुराने वाहन के स्थान पर इस्तेमाल किया हुआ BS-VI या इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर में 50 प्रतिशत तक की छूट मिल सकती है। इसके अलावा पंजीकरण शुल्क में छूट और वाहन निर्माताओं की ओर से अन्य प्रोत्साहन भी दिए जा सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि अगर उनका वाहन EOL श्रेणी में आता है तो समय रहते नियमों की जानकारी लेकर जरूरी कार्रवाई करें। अभियान के दौरान पुलिस लोगों को PARIVARTAN योजना के बारे में जागरूक भी करेगी।
आने वाले दिनों में फरीदाबाद यातायात पुलिस EOL वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यातायात संबंधी सहायता के लिए 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

