Faridabad/Alive News: जिले के धौज गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। रविवार तड़के प्रसव पीड़ा होने पर बाली कस्बे की नूरजहां खान को परिजन धौज PHC लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट पर ताला लगा था। मौके पर डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ भी मौजूद नहीं था।
प्रसव पीड़ा बढ़ने के बाद महिला ने अस्पताल के गेट के बाहर ही बच्चे को जन्म दे दिया। परिजनों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो दो दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
सुबह 3:30 बजे PHC पहुंचे थे परिजन
नूरजहां खान के पति मोसिम खान के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 3:30 बजे उनकी पत्नी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई। वह परिजनों के साथ उन्हें लेकर धौज PHC पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों ने अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। उन्होंने डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को तलाश किया, लेकिन मौके पर कोई कर्मचारी नहीं मिला।
मोसिम का आरोप है कि काफी देर तक मदद नहीं मिलने के कारण महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ती रही। इसी दौरान PHC के बाहर ही उसकी डिलीवरी हो गई।
चपरासी ने खुलवाया अस्पताल का गेट
परिजनों के मुताबिक, डिलीवरी के बाद किसी तरह एक चपरासी को बुलाया गया। उसके माध्यम से स्वास्थ्य केंद्र का गेट खुलवाया गया और जच्चा-बच्चा को वार्ड में भर्ती कराया गया।
मोसिम खान का आरोप है कि भर्ती कराने के बाद भी करीब एक घंटे तक नर्सिंग स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में स्टाफ के पहुंचने पर महिला और नवजात की जांच और देखभाल शुरू की गई।
पति ने लगाया लापरवाही का आरोप
मोसिम खान ने कहा कि अगर महिला को समय पर स्वास्थ्य केंद्र के अंदर उपचार मिल जाता तो अस्पताल के बाहर डिलीवरी की स्थिति नहीं बनती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रसव के दौरान थोड़ी और देरी होने पर मां या बच्चे की जान को खतरा हो सकता था। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
बाद में डॉक्टरों ने जच्चा और बच्चे का उपचार किया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों की स्थिति सामान्य थी और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
सिविल सर्जन ने जारी किया नोटिस
मामला सामने आने के बाद फरीदाबाद के सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने धौज PHC के ASMO को कारण बताओ नोटिस जारी किया है नोटिस में पूछा गया है कि स्वास्थ्य केंद्र का मुख्य गेट बंद क्यों था, घटना के समय डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौके पर क्यों मौजूद नहीं थे और महिला को PHC के बाहर प्रसव कराने की स्थिति क्यों बनी।
स्वास्थ्य विभाग की जांच और संबंधित अधिकारियों के जवाब के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

